अज्ञात वाहन ने एक्टिवा सवार महिलाओं को कुचला, दो की मौत

भीलवाड़ा। भीलवाड़ा जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार तीन महिलाओं को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के भीलवाड़ा-अजमेर नेशनल हाईवे 48 पर सरेरी के पास हुई।
जानकारी के अनुसार तीनों महिलाएं आपस में सहेलियां थीं और एक ही एक्टिवा पर सवार होकर कंवलियास के पास स्थित त्रिदेव महादेव मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में सीता पिता राम धोबी निवासी भीलवाड़ा और रेखा (28) पत्नी सांवरमल बलाई की मृत्यु हो गई, जबकि चंचल नायक गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस और गुलाबपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
घायल महिला को पहले भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल लाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रैफर किया गया। मृतक महिलाओं के शव रायला मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम कर शव उन्हें सौंपे जाएंगे। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
