भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से 8 महिला मजदूरों की मौत

जालना (हलचल)। महाराष्ट्र के जालना जिले में नागपुर-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े टेम्पो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टेम्पो में सवार 8 महिला मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सफाई कार्य कर लौट रही थीं महिलाएं
हादसा कडवांची गांव के पास उस समय हुआ जब ये महिला मजदूर एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम पूरा कर टेम्पो से अपने घर लौट रही थीं। बताया जा रहा है कि टेम्पो अभी शुरू ही होने वाला था कि मुंबई की ओर जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गए और शव सड़क पर बिखर गए। टेम्पो में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें से 7 महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला की मौत अस्पताल में उपचार के दौरान हुई।
मृतकों की पहचान
मृतकों में अलकाबाई आडमने (45), लक्ष्मीबाई मदन (35), मीना आडमने (45), कंचन आडमने (50), ताराबाई चौधरी (60), कडूबाई मदन (55) और सुमन आडमने (70) शामिल हैं। एक अन्य मृतक महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
ट्रक चालक गिरफ्तार, मंत्री ने जताया दुख
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
