पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई:: करोड़ों की धोखाधड़ी कर 8 साल से फरार सिपाही बर्खास्त, एसपी ने दिया कड़ा संदेश

अजमेर | करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के आरोपों में घिरे और लंबे समय से ड्यूटी से नदारद चल रहे जिला पुलिस के सिपाही सेठुराम पर आखिरकार गाज गिर गई है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने मुख्यालय के आदेशों के बाद सिपाही सेठुराम को पुलिस सेवा से बर्खास्त (Dismiss) कर दिया है। इस कार्रवाई से एसपी ने साफ संदेश दिया है कि अनुशासनहीनता और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पुलिसकर्मियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
'पत्रिका' के खुलासे के बाद जागी पुलिस
गौरतलब है कि 'पत्रिका' ने 31 मार्च के अंक में "आठ साल से फरार सिपाही को किया पदोन्नत, पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल" शीर्षक से खबर प्रकाशित कर इस मामले का भंडाफोड़ किया था। इसके बाद आईजी (अजमेर रेंज) राजेन्द्र सिंह और एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए। रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि सेठुराम पिछले 7 साल 9 माह से बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा है।
प्रॉपर्टी के नाम पर अपनों को ही ठगा
सेठुराम अजमेर पुलिस की कार्यप्रणाली शाखा (एमओबी) में तैनात था। उसने पुलिस सेवा में रहते हुए प्रॉपर्टी व्यवसाय में निवेश किया और गगवाना के पास जमीन का बड़ा सौदा करने के नाम पर अपने ही साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों से लाखों-करोड़ों रुपए उधार ले लिए। जब उधारी चुकाने का दबाव बढ़ा, तो जून 2019 में छुट्टी लेकर गया सेठुराम वापस नहीं लौटा। उसके खिलाफ गेगल थाने में धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं और कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो चुके हैं।
हैरानी: फरार सिपाही का पदोन्नति सूची में नाम!
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि फरवरी में पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी पदोन्नति सूची (सिपाही से हेड कांस्टेबल) में फरार सेठुराम का नाम भी शामिल कर लिया गया था। हालांकि, प्रशिक्षण में शामिल न होने के कारण उसे पदोन्नति नहीं मिल सकी, लेकिन इस 'चूक' ने महकमे की स्क्रीनिंग प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
सिपाही पवन मीणा भी पुलिस के रडार पर
सेठुराम की बर्खास्तगी के बाद अब अजमेर पुलिस का एक और सिपाही पवन मीणा भी चर्चा में है। पवन मीणा भी जमीन के नाम पर साथी पुलिसकर्मियों के लाखों रुपए डकार कर फरार है। उसके खिलाफ अजमेर के विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर इनाम घोषित कर लुकआउट नोटिस भी जारी कर रखा है।
