महिला का अश्लील वीडियो बनाकर बहनोई ने 8 महीने तक की मनमानी

महिला  का अश्लील वीडियो बनाकर बहनोई ने 8 महीने तक की मनमानी
X

मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला के बहनोई ने रिश्ते की मर्यादा को तार-तार करते हुए उसके बाथरूम में छिपाकर मोबाइल कैमरा लगाया और नहाते समय अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया।

पति के विदेश में होने का उठाया फायदा

पीड़िता के पति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह आठ माह पहले दुबई काम करने गया था। घर में उसकी पत्नी और अन्य परिजन ही रहते थे। इसी दौरान आरोपी बहनोई, जो रामपुर जिले के टांडा थाना क्षेत्र का निवासी है, अक्सर उनके घर आता-जाता था। इसी दौरान उसने महिला की निजी जिंदगी में घुसपैठ करते हुए गुप्त रूप से बाथरूम में मोबाइल फोन लगाकर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

धमकी देकर किया शोषण

वीडियो बन जाने के बाद आरोपी ने महिला को डराना-धमकाना शुरू किया। उसने कहा कि अगर उसकी बात नहीं मानी तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। मजबूरी में महिला लंबे समय तक चुप रही, जबकि आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा। आठ महीने तक वह पीड़िता को अपनी बात मानने के लिए मजबूर करता रहा और इस दौरान दुष्कर्म भी किया।

पति की वापसी के बाद खुला राज

जब महिला का पति दुबई से वापस लौटा, तो पत्नी ने रोते हुए उसे पूरी घटना बताई। इसके बाद दंपती ने मिलकर पुलिस से शिकायत की। महिला की बात सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। मामला सामने आते ही एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने जांच के आदेश दिए और आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

Next Story