खेल जगत: न्यूजीलैंड ने कनाडा को रौंदा, सुपर-8 में मारी एंट्री

कनाडा के युवराज का ऐतिहासिक शतक गया बेकार; ग्लेन फिलिप्स के तूफान में उड़ा कनाडा
स्पोर्ट्स डेस्क (बीएचएन)। आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-डी के रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने कनाडा को 8 विकेट से हराकर सुपर-8 का अपना टिकट पक्का कर लिया है। न्यूजीलैंड की इस जीत के साथ ही ग्रुप का समीकरण पूरी तरह साफ हो गया है, जहाँ साउथ अफ्रीका के बाद अब कीवी टीम अगले दौर में पहुँच गई है।
युवराज समर का ऐतिहासिक शतक
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कनाडा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 173 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कनाडा के सलामी बल्लेबाज युवराज समर ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 65 गेंदों में 110 रनों की यादगार पारी खेली। वे किसी एसोसिएट देश की ओर से टी20 वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने भी 36 रनों का योगदान दिया।
ग्लेन फिलिप्स का 'गदर', 15वें ओवर में ही खत्म किया मैच
174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। हालांकि सलामी बल्लेबाज सस्ते में लौट गए, लेकिन इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और रचिन रविंद्र ने कनाडा के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। फिलिप्स ने मात्र 36 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौकों की मदद से नाबाद 76 रन बनाए, वहीं रचिन ने 59 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड ने मात्र 15.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
अफगानिस्तान समेत तीन टीमें बाहर
न्यूजीलैंड की इस जीत ने अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा के सुपर-8 में पहुँचने के अरमानों पर पानी फेर दिया है। अफगानिस्तान ने इस टूर्नामेंट में अच्छा संघर्ष किया, लेकिन न्यूजीलैंड से मिली हार और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टाई मैच के बाद दूसरे सुपर ओवर में मिली हार उन्हें महंगी पड़ गई। ग्रुप-डी से अब साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड आधिकारिक तौर पर क्वालीफाई कर चुके हैं।
