भीलवाड़ा में गैस डीजल और पेट्रोल की कमी को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर एक्शन -8 आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा हलचल न्यूज़।भीलवाड़ा में सोशल मीडिया पर घरेलू LPG गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद अफवाह फैलाने वालों में हड़कंप मच गया है।

क्या है पूरा मामला

पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर LPG गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर भ्रामक और झूठी खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं। इन पोस्ट्स के कारण आमजन में डर और भ्रम की स्थिति बन रही थी, साथ ही अनावश्यक रूप से संसाधनों की मांग बढ़ने का खतरा भी पैदा हो गया था।

पुलिस की सख्त निगरानी और कार्रवाई

जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सोशल मीडिया सेल ने इन अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए लगातार मॉनिटरिंग की। जांच के दौरान ऐसे लोगों की पहचान की गई जो जानबूझकर झूठी जानकारी फैलाकर माहौल बिगाड़ रहे थे।

कहां कितने हुए गिरफ्तार

थाना बनेड़ा में 4 आरोपी, बडलियास 2, सुभाषनगर 1 आरोपी ओर थाना गांधीनगर में 1 आरोपी सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर पाबंद किया गया। इनमें करण जाट पिता मोहन लाल जाट निवासी सरदारनगर; धीरज जाट पिता भंवर लाल निवासी सरदारनगर; अर्पित शर्मा पिता गणेश नारायण शर्मा निवासी जोरावरपुरा; अर्जुन चौधरी पिता मोहन लाल निवासी सरदारनगर; महेंद्र कुमार पिता देबी लाल बैरवा निवासी रेण; कैलाश कुमार पिता देबी लाल बैरवा निवासी रेण; मुकेश प्रजापत पिता पारसमल प्रजापत निवासी बरसनी; दीपक सिंह पिता लाडू सिंह भाटी निवासी गायत्री नगर शामिल है।

क्यों फैलाई जा रही थीं अफवाहें?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लालच में इस तरह की भ्रामक और झूठी पोस्ट डाल रहे थे, जिससे आम जनता में भय का वातावरण बन रहा था।

पुलिस का सख्त संदेश

भीलवाड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि:अफवाह फैलाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस, रसद विभाग और गैस कंपनियों की संयुक्त टीम भी सक्रिय रहेगी।

आमजन से अपील

सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भ्रामक खबर पर विश्वास न करें।LPG गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों से दूर रहें।केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी लें।सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें।

Next Story