भीलवाड़ा में एएनटीएफ की कार्रवाई:: अफीम तस्करी के आरोप में जोधपुर का युवक गिरफ्तार, 850 ग्राम अफीम जब्त

अफीम तस्करी के आरोप में जोधपुर का युवक गिरफ्तार, 850 ग्राम अफीम जब्त
X

भीलवाड़ा बीएचएन। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और स्थानीय पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने शहर के संतोषी माता मंदिर रोड से एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 850 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है।

पुलिस लाइन के पास घेराबंदी कर दबोचा

मिली जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ की भीलवाड़ा चौकी को पुख्ता सूचना मिली थी कि पुलिस लाइन के पास संतोषी माता मंदिर रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई देने के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही एएनटीएफ की टीम ने गांधीनगर पुलिस को साथ लेकर मौके पर दबिश दी।

पुलिस की आहट सुनते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे धर-दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 850 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत जब्त कर लिया।

जोधपुर का रहने वाला है आरोपी

पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान जौधपुर जिले के डूडीनगर, दुगर आगोलाई निवासी भोमाराम जाट (25 वर्ष) पुत्र गंगाराम जाट के रूप में हुई।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह अफीम कहां से लाया था और भीलवाड़ा में किसे सप्लाई करने जा रहा था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में एएसआई अयुब खां सहित टीम शामिल थी।

Next Story