राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार :: छत्तीसगढ़ में 9 क्विंटल नशे की खेप पकड़ी, कंटेनर में बना रखा था गुप्त चैंबर

कवर्धा । छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश सीमा पर चिल्फी पुलिस ने घेराबंदी कर एक कंटेनर से करीब 9 क्विंटल (900 किलो) उच्च गुणवत्ता का गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
ओडिशा से राजस्थान जा रहा था 'मौत का सामान'
पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि नागालैंड पासिंग एक कंटेनर ओडिशा से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर राजस्थान की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना चिल्फी क्षेत्र में मोर्चाबंदी की गई। संदिग्ध कंटेनर को रुकवाकर जब उसकी बारीकी से तलाशी ली गई, तो पुलिस भी दंग रह गई। तस्करों ने वाहन के भीतर एक विशेष गुप्त चैंबर बना रखा था, जिसमें 30-30 किलो की 30 बोरियों में गांजा छिपाया गया था।
50 लाख का कंटेनर जप्त, भरतपुर का तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से गांजे की खेप के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 50 लाख रुपये की कीमत का कंटेनर भी जप्त कर लिया है। मामले में राजस्थान के भरतपुर निवासी आरोपी आयाज खान को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह यह खेप ओडिशा से उठाकर राजस्थान के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने वाला था।
माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा: एसपी धर्मेंद्र सिंह
जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर इस बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं तक पहुँचने की कोशिश कर रही है। इस कार्यवाही को सीमावर्ती इलाकों में नशा माफियाओं की कमर तोड़ने वाला माना जा रहा है।
