कोटड़ी में दिनदहाड़े वारदात: एसबीआई में ग्राहक के 90 हजार पर हाथ साफ

भीलवाड़ा।कोटड़ी कस्बे में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां एसबीआई की शाखा के भीतर से एक ग्राहक का नकदी से भरा थैला पार हो गया। थैले में करीब 90 हजार रुपये नकद और कुछ जरूरी दस्तावेजों की फोटो कॉपी रखी थी। पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मदनलाल गुर्जर दोपहर करीब 12:30 बजे बैंक में कैश जमा कराने पहुंचे थे। जमा पर्ची भरते समय उन्होंने रुपयों से भरा थैला अपने पास रखा हुआ था। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने मौका देखा और थैला उठाकर तेजी से बाहर निकल गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को भनक तक नहीं लगी।
कुछ देर बाद जब थैला गायब मिला तो बैंक में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने तुरंत बैंक प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक थैला उठाते हुए साफ दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों और मार्गों पर लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
