महाठगी: टैक्स और डॉलर कन्वर्जन का लालच देकर महिला व्यापारी से 94 लाख की धोखाधड़ी

अजमेर। शहर में एक महिला कपड़ा व्यापारी को बातों के जाल में उलझाकर 94 लाख रुपये से अधिक की महाठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर दिमाग वाले दो सगे भाइयों ने टैक्स और डॉलर कन्वर्जन का खर्चा बचाने का ऐसा लालच दिया कि महिला व्यापारी लाखों रुपये की पूंजी गंवा बैठी। पीड़िता की शिकायत पर कृष्णगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर इन धोखेबाजों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
अभियंता नगर (चौरसियावास रोड) निवासी पीड़िता हेमा पारवानी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह कोरोना काल से पहले चाइना में कपड़ों का व्यवसाय करती थीं और अब अजमेर में रहकर काम कर रही हैं। हाल ही में उन्होंने अपने परिचितों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर चाइना की 'कैनूज ट्रेडिंग लिमिटेड' कंपनी को एक लाख डॉलर की लेगिंग्स का बड़ा ऑर्डर दिया था। इस खेप का भुगतान चाइना में डॉलर में होना था। इसी दौरान उनके पति के परिचित कमल तिलोकानी और उसके भाई सुमित (उर्फ सन्नी) तिलोकानी ने उन्हें अपने सुनियोजित झांसे में ले लिया। इन शातिरों ने कहा कि डॉलर कन्वर्जन और भारी टैक्स में उनका काफी पैसा बर्बाद होगा। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि महिला उन्हें भारत में 94 लाख 28 हजार 100 रुपये नकद दे दे, जिसके बदले वे खुद चाइना में सीधे डॉलर में भुगतान कर देंगे।
सुरक्षित और सस्ता सौदा समझकर पीड़िता ने 15 से 17 जनवरी के बीच अपने रिश्तेदारों से रकम इकट्ठा कर इन भाइयों को नकद सौंप दी। जब काफी समय बीतने के बाद भी चाइना की कंपनी को कोई भुगतान नहीं मिला, तो पीड़िता ने सुमित से सख्ती से संपर्क किया। इस पर इस जालसाज ने उन्हें एक फर्जी रसीद थमा दी। अब अपनी ठगी का अहसास होने पर जब पीड़िता पैसे वापस मांग रही है, तो ये शातिर रकम लौटाने से साफ इनकार कर रहे हैं और 94 लाख रुपये हड़प कर बैठ गए हैं। कृष्णगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर इस ठग गिरोह के खिलाफ जांच तेज कर दी है।
