भीलवाड़ा ANTF की कार्रवाई: फिल्मी स्टाइल में घेराबंदी कर अफीम तस्कर को दबोचा!

भीलवाड़ा। नशे के सौदागरों के खिलाफ भीलवाड़ा एएनटीएफ (ANTF) टीम ने अब तक की सबसे सटीक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अहमदाबाद-दिल्ली हाईवे पर स्थित हजारीखेड़ा चौराहा उस वक्त अखाड़ा बन गया, जब पुलिस टीम ने एक शातिर तस्कर को चारों तरफ से घेरकर उसके मंसूबों को मिट्टी में मिला दिया।

चाय की थड़ियों पर 'सादा वर्दी' में बिछाया जाल

सूचना इतनी पुख्ता थी कि एएनटीएफ चौकी की टीम ने प्रभारी अयूब खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किसी को कानों-कान खबर नहीं होने दी। टीम के जांबाज सदस्य सादा कपड़ों में चौराहे की अलग-अलग चाय की थड़ियों पर आम जनता की तरह बैठे रहे। जैसे ही मुखबिर का इशारा मिला, पुलिस की पैनी नजरें चित्तौड़गढ़ की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर टिक गईं।

खेतों में भगाया घोड़ा, पर बच नहीं पाया शातिर

पुलिस की आहट पाते ही आरोपी अजय अहीर ने मोटरसाइकिल घुमाकर भागने की कोशिश की। जब देखा कि दोनों तरफ से रास्ते बंद हैं, तो उसने मोटरसाइकिल खेतों की तरफ दौड़ा दी। लेकिन पुलिस की फुर्ती के आगे उसकी एक न चली; टीम ने घेराबंदी कर उसे अवैध मादक पदार्थ के साथ धर दबोचा।

एयरक्लीनर में छिपा रखा था 'मौत का सामान'

पकड़े जाने के बाद आरोपी ने शरीफ बनने का ऐसा नाटक किया कि कोई भी धोखा खा जाए। कभी बीमारी का बहाना बनाया तो कभी रिश्तेदारी का हवाला दिया। लेकिन एएनटीएफ टीम ने उसके शातिरपन को भांप लिया। जब मोटरसाइकिल के पुर्जे-पुर्जे की तलाशी ली गई, तो एयरक्लीनर के अंदर छिपाकर रखी गई 1 किलो 420 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।

"मध्य प्रदेश से खरीदकर पंजाब तक नशे की खेप पहुंचाने का था प्लान, लेकिन भीलवाड़ा पुलिस की मुस्तैदी ने रास्ते में ही खेल बिगाड़ दिया।"

जब्त माल और आरोपी का कच्चा चिट्ठा

बरामदगी: 1 किलो 420 ग्राम अवैध अफीम।

वाहन: मोटरसाइकिल (RJ-09-VS-0346) जब्त।

गिरफ्तार तस्कर: अजय पुत्र उकारलाल अहीर (21 वर्ष), निवासी पीलखेड़ी, थाना कनैड़ा, जिला चित्तौड़गढ़।


Next Story