भीलवाड़ा में ANTF ने केबिन के पीछे छिपे तस्कर को दबोचा, अवैध डोडा पोस्त बरामद

भीलवाड़ा: राजस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अजमेर रोड पर एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है।
भीलवाड़ा चौकी के निरीक्षक अयाज मोहम्मद और सहायक उप निरीक्षक अयूब खान की टीम ने एक सटीक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सरहदी जिले श्रीगंगानगर के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4.187 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। ANTF टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि अजमेर चौराहे पर स्थित एक केबिन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर सप्लाई की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही ANTF ने स्थानीय पुलिस के साथ तालमेल बिठाया और बिना वक्त गंवाए मौके पर धावा बोल दिया।
पुलिस टीम बताए गए हुलिए के आधार पर केबिन के पीछे पहुँची। वहां खड़े संदिग्ध ने जैसे ही पुलिस की वर्दी देखी, उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने पहले ही चारों तरफ से घेराबंदी कर रखी थी। पुलिस टीम ने उसे चंद कदमों की दूरी पर ही दबोच लिया। जब पकड़े गए आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके पास से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसे वह स्थानीय बाजार में खपाने की योजना बना रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेन्द्र लेगा (31), पुत्र बृजलाल जाट, निवासी मोटासर खुनी, 20 एफ एफ, थाना गजसिंहपुर, जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई है।
स्थानीय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और अब इस बात की जांच की जा रही है कि नशे की यह खेप श्रीगंगानगर से भीलवाड़ा तक किस नेटवर्क के जरिए पहुँचाई गई थी। ऑपेरशन "हृदशार्दूल" के साथ-साथ हुई इस समानांतर कार्रवाई ने भीलवाड़ा में सक्रिय ड्रग माफियाओं के बीच हड़कंप मचा दिया है। ANTF ने साफ कर दिया है कि चाहे अपराधी केबिन के पीछे छिपे या किसी आलीशान होटल में, खाकी की नजर से बचना अब नामुमकिन है।
