भीलवाड़ा में बछड़े का सिर मिलने से मचा हड़कंप, CCTV ने खोला राज

भीलवाड़ा पुनीत। शहर के चंद्रशेखर आजाद नगर में रविवार की सुबह उस वक्त तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब गोविंदम कॉम्प्लेक्स के पास सड़क पर एक बछड़े का कटा हुआ सिर मिला। घटना की सूचना फैलते ही इलाके में भारी संख्या में लोग जमा हो गए और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। गोवंश के अवशेष मिलने से स्थानीय लोगों में गहरा रोष व्याप्त हो गया और स्थिति बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, खंगाले सीसीटीवी

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रताप नगर थाने के सहायक उप निरीक्षक (ASI) गोविंद सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत कराया और मामले की तह तक जाने के लिए पास ही लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले।

सीसीटीवी से हुआ चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस द्वारा की गई वैज्ञानिक जांच और फुटेज की बारीकी से पड़ताल में सारा मामला साफ हो गया। सीसीटीवी में स्पष्ट दिखाई दिया कि कोई असामाजिक तत्व नहीं, बल्कि एक श्वान (कुत्ता) उस अवशेष को कहीं से खींचकर वहां लाया था।

इस खुलासे के बाद कि यह किसी व्यक्ति की शरारत या साजिश नहीं थी, लोगों का गुस्सा शांत हुआ। पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच ने संभावित विवाद को टाल दिया, जिसके बाद प्रशासन और स्थानीय निवासियों ने चैन की सांस ली। पुष्टि होने के बाद इलाके में पूरी तरह शांति बहाल हो गई।

Next Story