नौकरानी ने ही मालिक के घर डलवा दी फर्जी ED की रेड, पुलिस की वर्दी पहनकर आए बदमाशों ने की लूट

नई दिल्ली । क्या आप अपने घर की चाबियां अपनी मेड को सौंपकर निश्चिंत हो जाते हैं? दिल्ली के पॉश इलाके न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने घरेलू सहायकों पर अंधा भरोसा करने वालों के होश उड़ा दिए हैं। यहाँ एक शातिर नौकरानी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही मालिक के घर पर फर्जी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड डलवा दी और लाखों की लूट को अंजाम दिया।

रिटायर्ड आर्किटेक्ट के घर 'वर्दी' में पहुंचे लुटेरे

घटना 11 फरवरी 2026 की है, जब 86 वर्षीय रिटायर्ड सीनियर आर्किटेक्ट आर.सी. सभरवाल के घर पुलिस की वर्दी पहने तीन लोग पहुंचे। आरोपियों ने खुद को ED अधिकारी बताकर घर में जबरन प्रवेश किया। उन्होंने परिवार के मोबाइल फोन छीन लिए और घर की तलाशी लेने का नाटक किया। जब पीड़ित का पोता बीच-बचाव करने आया, तो आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए। जाते-जाते बदमाश घर से करीब 3-4 लाख रुपये नकद और सात बेशकीमती लग्जरी घड़ियां समेट ले गए।

पुलिस ने किया खुलासा, दो महिलाएं गिरफ्तार

न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस ने इस मामले में एफआईआर नंबर 66/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। दिल्ली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें घर की सहायक (मेड) भी शामिल है। आरोपियों के पास से फर्जी आईडी कार्ड, पुलिस की वर्दी, वायरलेस सेट और एक पिस्तौल बरामद की गई है। साथ ही लूटे गए जेवरात और महंगी घड़ियां भी बरामद कर ली गई हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Next Story