भीलवाड़ा: NH-158 पर काल बनी खड़ी ट्रॉली, जयपुर के युवक की दर्दनाक मौत

भीलवाड़ा सुरेश। नेशनल हाईवे 158 पर शनिवार की काली रात एक परिवार के लिए मातम लेकर आई। हरिपुरा स्थित जाली रानी होटल के समीप सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर में कार के जा घुसने से जयपुर निवासी चालक की मौके पर ही सांसें थम गईं। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक का शव लोहे के मलबे में तब्दील हो चुकी गाड़ी में ही फंस गया।
जानकारी के अनुसार, जयपुर निवासी नागेंद्र सिंह अपनी कार से आसींद से भीलवाड़ा की ओर जा रहे थे। जाली रानी होटल के पास सड़क से नीचे खड़े एक ट्रेलर में उनकी कार रॉन्ग साइड से बेहद तेज रफ्तार के साथ जा घुसी।
टक्कर की गूंज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक नागेंद्र सिंह दम तोड़ चुके थे।
घटना की सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम और हरिपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कार की स्थिति इतनी खराब थी कि शव को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। हाईवे टीम ने कड़ी मशक्कत और कटर की मदद से चालक के शव को बाहर निकाला। हाईवे 158 की एंबुलेंस से शव को मांडल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त कार को रास्ते से हटवाया और यातायात सुचारू किया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसा नींद की झपकी के कारण हुआ या कोई तकनीकी खराबी इसकी वजह थी।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
