रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले सांसद अग्रवाल: भीलवाड़ा-मुंबई और दिल्ली के लिए मांगी नई ट्रेनें, रामधाम ROB का काम तेज करने पर जोर

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिले सांसद अग्रवाल: भीलवाड़ा-मुंबई और दिल्ली के लिए मांगी नई ट्रेनें, रामधाम ROB का काम तेज करने पर जोर
X


भीलवाड़ा हलचल । वस्त्र नगरी भीलवाड़ा की रेल सुविधाओं को विस्तार देने और यात्रियों को नई सौगातें दिलाने के लिए सांसद दामोदर अग्रवाल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से खास मुलाकात की। इस दौरान सांसद ने भीलवाड़ा को जोधपुर-हैदराबाद दैनिक ट्रेन, चंडीगढ़-उदयपुर त्रि-साप्ताहिक ट्रेन और अजमेर-चंदेरिया रेल लाइन दोहरीकरण की स्वीकृति के लिए रेल मंत्री का आभार जताया। इसके साथ ही उन्होंने जिले की लंबित रेल समस्याओं और प्रमुख मांगों को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र भी सौंपा। सकारात्मक रुख दिखाते हुए रेल मंत्री ने अधिकारियों को इन सभी बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

स्टेशन का दायरा बढ़ाने और ब्रिज का काम तेज करने की मांग:

सांसद के प्रवक्ता विनोद झुरानी ने बताया कि मुलाकात के दौरान अग्रवाल ने भीलवाड़ा शहर में नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की परियोजना को जल्द धरातल पर लाने की मांग उठाई। उन्होंने सुझाव दिया कि रेलवे स्टेशन की पुरानी रिजर्वेशन बिल्डिंग को गिराकर स्टेशन का 'सर्कुलेटिंग एरिया' बढ़ाया जाए, ताकि बढ़ती भीड़ को संभाला जा सके। इसके अलावा, शहर में प्रस्तावित रामधाम रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) और रेल मार्ग के दोहरीकरण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करवाने का आग्रह किया।




दिल्ली, मुंबई और इंदौर के लिए नई ट्रेनों की दरकार:

सांसद ने यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए भीलवाड़ा-मुंबई रूट पर नई ट्रेनें चलाने की पुरजोर पैरवी की। उन्होंने बताया कि दशकों से भीलवाड़ा से दिल्ली के लिए केवल एक 'चेतक एक्सप्रेस' है, जबकि मीटर गेज के दौर में भी यहां से दो ट्रेनें (चेतक और पिंक सिटी/गरीब नवाज) चलती थीं। ऐसे में उदयपुर-दिल्ली (वाया भीलवाड़ा-जयपुर) के लिए एक नई ट्रेन की सख्त जरूरत है। इसके साथ ही इंदौर-जयपुर (वाया चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा) प्रस्तावित ट्रेन को जल्द शुरू करने और उदयपुर-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस (19609) को सप्ताह में सातों दिन चलाने के साथ ही इसमें स्लीपर व थर्ड एसी कोच बढ़ाने की मांग की गई।

मेवाड़ की कनेक्टिविटी के लिए इन नए रेल ट्रैक का प्रस्ताव:

सांसद अग्रवाल ने क्षेत्र के विकास के लिए तीन महत्वपूर्ण नई रेलवे लाइनों की मांग भी प्रमुखता से रखी:

अजमेर-कोटा रेलमार्ग: अजमेर से नसीराबाद और जलींद्री (मांडलगढ़) होते हुए कोटा को जोड़ने वाली नई लाइन बने। इस मार्ग पर लोहरवाड़ा, सरवाड़, शक्करगढ़ सहित 15 नए रेलवे यार्ड व स्टेशन विकसित किए जाएं।

मांडलगढ़-ब्यावर ट्रैक: मांडलगढ़ से बीगोद, सवाईपुर, भीलवाड़ा, आसींद और बदनौर होते हुए ब्यावर तक नया ट्रैक बने, जिससे जोधपुर-कोटा की सीधी कनेक्टिविटी हो और स्थानीय लोगों को बड़ा लाभ मिले।

नाथद्वारा-जयपुर ट्रैक: संपूर्ण मेवाड़ की बहुप्रतीक्षित मांग के तहत नाथद्वारा से गंगापुर, मांडल, बनेरा, शाहपुरा, फुलिया और टोडारायसिंह होते हुए जयपुर तक नई रेलवे लाइन को जल्द स्वीकृति दी जाए।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Next Story