भीषण सड़क हादसा: SUV और बाइक की टक्कर के बाद लगी आग, दो सगे भाइयों की मौत

सीकर | राजस्थान के सीकर जिले में सोमवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। पिपराली के पास भैरू स्टैंड पर एक एसयूवी और बाइक के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दो भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों ने पल भर में आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गए।

आमने-सामने की भिड़ंत और विकराल आग

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। बाइक सवार दोनों युवक सीकर शहर से अपने गांव की ओर जा रहे थे, जबकि एसयूवी उदयपुरवाटी से सीकर की तरफ आ रही थी। पिपराली के पास दोनों वाहनों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर सड़क किनारे जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दोनों वाहनों में लगी भीषण आग के कारण स्टेट हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।

मृतकों की हुई पहचान

सूचना मिलते ही दादिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। मृतकों की पहचान रामचंद्र गोस्वामी और मुकेश गोस्वामी निवासी पुरोहित का बास, लक्खीपुरा के रूप में हुई है। दोनों मृतक रिश्ते में भाई थे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

परिजनों में मचा कोहराम

एक ही परिवार के दो चिराग बुझने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story