एथेनॉल से भरा टैंकर पलटा, रॉन्ग साइड आ रही SUV ने बिगाड़ा खेल, 2 घंटे तक मचा हड़कंप!

बगरू (जयपुर) | जयपुर-अजमेर एक्सप्रेस-वे (NH-48) पर सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बगरू में होटल हाईवे किंग के सामने एथेनॉल केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के तुरंत बाद टैंकर से केमिकल का रिसाव शुरू होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत के मारे इधर-उधर भागने लगे।
रॉन्ग साइड आई गाड़ी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक एसयूवी (SUV) गाड़ी गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रही थी। उसे बचाने के चक्कर में टैंकर चालक ने अचानक संतुलन खो दिया, जिससे टैंकर और एसयूवी दोनों ही सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद एसयूवी में सवार चार लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
2 घंटे चला हाई-वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एथेनॉल के रिसाव को देखते हुए दमकल कर्मियों ने टैंकर पर लगातार पानी की बौछारें कीं ताकि किसी भी तरह की आगजनी को रोका जा सके। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया गया। टैंकर में सवार चालक और खलासी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
हाइवे पर लगा लंबा जाम, ट्रैफिक डायवर्ट
केमिकल रिसाव और सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली करवा दिया और अजमेर रोड पर ट्रैफिक रोक दिया। इसके चलते हाइवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने बाद में ट्रैफिक को डायवर्ट कर स्थिति को सामान्य बनाया। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुरानी यादें हुईं ताजा
इस हादसे ने पिछले साल अक्टूबर में सावरदा पुलिया के पास हुए उस खौफनाक मंजर की याद दिला दी, जब एलपीजी सिलेंडरों से भरे ट्रक और केमिकल टैंकर की भिड़ंत के बाद हुए धमाकों से 10 किलोमीटर तक का इलाका दहल उठा था।
