1.1 करोड़ की ड्रग्स बरामद, दो विदेशियों समेत चार गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सक्रिय एक बड़े ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो विदेशी नागरिकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में कोकीन और एमडीएमए (MDMA) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.1 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह गिरोह विदेशों से ड्रग्स मंगवाकर स्थानीय पैडलर्स के जरिए दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था।

इस नेटवर्क का खुलासा 25 मार्च को शुरू हुए गुप्त 'ऑपरेशन प्रीत विहार' के तहत हुआ। पुलिस ने जाल बिछाकर मोहम्मद हसन को उस समय दबोच लिया जब वह स्कूटी से 7.58 ग्राम एमडीएमए की खेप पहुंचाने जा रहा था। हसन से कड़ी पूछताछ के बाद मुख्य सरगना का सुराग मिला, जिसके आधार पर 27 और 28 मार्च की दरमियानी रात श्रीनिवासपुरी के पास से सेनेगल निवासी डिउफ सोलोमन उर्फ ऑस्कर को गिरफ्तार किया गया।

ऑस्कर के 'ईस्ट ऑफ कैलाश' स्थित ठिकाने पर की गई छापेमारी में उसका सहयोगी लाइबेरिया निवासी बेमाह भी पकड़ा गया। पुलिस को मौके से 120.18 ग्राम कोकीन, बड़ी मात्रा में एमडीएमए, ड्रग्स तौलने वाली मशीनें, पैकिंग मटेरियल, इलेक्ट्रॉनिक सीलिंग मशीन, 6 मोबाइल फोन, दो पासपोर्ट और भारी संख्या में नकदी बरामद हुई है। जांच में पता चला कि हसन इन नशीले पदार्थों को रजिया नाम की महिला को सप्लाई करता था, जो इसे स्थानीय बाजारों में ऊंचे दामों पर बेचती थी। पुलिस ने मंडावली स्थित घर पर छापा मारकर रजिया को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस संगठित गिरोह के अन्य संपर्कों और ड्रग्स के स्रोत की गहराई से जांच कर रही है।

Next Story