दितवाह ने श्रीलंका में मचाई तबाही,: 123 लोगों की मौत, कई भारतीय यात्री फंसे

तूफान दितवाह ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है। अब तक वहां 123 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सैकड़ों घर तबाह हो गए हैं और बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हैं। लगातार जारी बारिश और तेज हवाओं ने हालात को और कठिन बना दिया है। राहत और बचाव टीमें चौबीसों घंटे काम कर रही हैं, लेकिन मौसम बाधा बन रहा है।
उड़ानें रद्द, तीन दिनों से भारतीय यात्री फंसे
साइक्लोन दितवाह के चलते चेन्नई जाने वाली कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। दुबई से श्रीलंका होते हुए भारत लौटने वाले करीब तीन सौ भारतीय यात्री कोलंबो के बंदरनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तीन दिनों से फंसे हुए हैं। इन यात्रियों में लगभग डेढ़ सौ लोग तमिलनाडु के बताए जा रहे हैं। फंसे हुए यात्रियों ने आरोप लगाया है कि संचालन बाधित होने के कारण उन्हें पर्याप्त भोजन, पीने के पानी और जरूरी सुविधाओं की सही व्यवस्था नहीं मिल पा रही है।
तमिलनाडु सरकार हरकत में
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने राज्य के पब्लिक डिपार्टमेंट के सचिव को निर्देश दिया है कि वे कोलंबो स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर यात्रियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करें। इसके बाद अधिकारी भारतीय हाई कमीशन के संपर्क में आए हैं और सभी फंसे यात्रियों को जल्द मदद पहुंचाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
भारत ने बढ़ाई मानवीय सहायता
भारत सरकार ने श्रीलंका में तूफान प्रभावित इलाकों के लिए मानवीय सहायता बढ़ाने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए तत्काल राहत सामग्री भेजने की घोषणा की है।
भारत के तटीय राज्यों में भी असर
भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान दितवाह श्रीलंका को पार कर अब उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों की तरफ बढ़ रहा है। इन क्षेत्रों में भारी से बेहद भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन को सतर्क रहने और तटीय इलाकों में रहने वालों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
