16 महीने से फरार 5 हजारी इनामी मोहम्मद गनी पकड़ा गया , डरा-धमकाकर की थी मारपीट

भीलवाड़ा (बीएचएन)। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुलाबपुरा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मारपीट के मामले में करीब 1 साल और 4 महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

लगातार छका रहा था पुलिस को

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद गनी उर्फ गनी मोहम्मद (45) निवासी कानिया, वार्ड नंबर 09 है। आरोपी के खिलाफ 25 सितंबर 2024 को मारपीट और डराने-धमकाने का मामला दर्ज हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही शातिर आरोपी अपनी सकुनत से फरार हो गया था और लगातार पुलिस को छका रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

मुखबिर और तकनीक के जाल में फंसा आरोपित

एएसपी राजेश आर्य और डीएसपी जितेंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आखिरकार उसे धर दबोचा। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) भेज दिया गया है।

इस टीम ने की कार्रवाई

इस सफल कार्यवाही में थानाधिकारी संजय कुमार, उपनिरीक्षक गोवर्धन लाल, कांस्टेबल महेश, भगवान और महिपाल की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Next Story