पोषाहार गबन का बड़ा खुलासा:: 2 साल से फरार ट्रांसपोर्ट ठेकेदार गिरफ्तार, 1400 क्विंटल गेहूं-चावल डकारने का आरोप

भीलवाड़ा BHN. सरकारी स्कूलों के बच्चों के निवाले पर डाका डालने वाले माफियाओं के खिलाफ शाहपुरा पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सहकारी समिति शाहपुरा से स्कूलों में वितरण होने वाले लाखों रुपये के पोषाहार गबन मामले में पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी ट्रांसपोर्ट ठेकेदार को दबोच लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद अब विभाग के कई 'सफेदपोश' चेहरों और भ्रष्ट कर्मचारियों के बेनकाब होने की संभावना बढ़ गई है।
1400 क्विंटल से ज्यादा राशन डकार गया ठेकेदार:
शाहपुरा थाना पुलिस के अनुसार, ईटावा (किशनगढ़ रेनवाल) निवासी ट्रांसपोर्ट ठेकेदार बनवारीलाल (58) पुत्र नाथूलाल जाट को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने सहकारी समिति से स्कूलों में वितरण के लिए उठाए गए 1100 क्विंटल गेहूं और 302 क्विंटल चावल का गबन कर लिया। बच्चों तक पहुँचने के बजाय इस भारी मात्रा में पोषाहार को बाजार के दुकानदारों को बेच दिया गया था।
2024 में दर्ज हुआ था मामला:
गबन का यह खेल लंबे समय से चल रहा था, जिसका खुलासा होने पर सहकारी समिति के व्यवस्थापक राजेंद्र सिंह ने 11 जुलाई 2024 को शाहपुरा थाने में मामला दर्ज करवाया था। थाना प्रभारी के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर बालकिशन ने मामले की सघन जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार ठेकेदार को धरदबोचा।
कर्मचारियों और दुकानदारों की बढ़ेगी मुश्किलें:
पुलिस अब आरोपी बनवारीलाल से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि उन 'साझेदारों' के नाम सामने आ सकें जिन्होंने इस महाघोटाले में उसका साथ दिया। पुलिस को अंदेशा है कि सहकारी समिति के कई कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना इतना बड़ा गबन मुमकिन नहीं था। साथ ही, उन दुकानदारों की सूची भी तैयार की जा रही है जिन्होंने चोरी का सरकारी राशन खरीदा था। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े अन्य चेहरों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
