2 साल से फरार 15 हजार के इनामी तस्कर को हरियाणा से किया गिरफ्तार

भीलवाड़ा। अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक पुराने मामले में पिछले दो साल से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी अपराधी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2025 को एक ट्रक कंटेनर से 564.200 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया गया था। इस मामले में मुख्य आरोपी रोहताश विश्नोई को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, लेकिन उसका साथी मुकेश कुमार फरार हो गया था। तब से पुलिस आरोपी मुकेश की तलाश कर रही थी और उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
हरियाणा से दबोचा आरोपी
फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी सहयोग और मानवीय आसूचना का उपयोग करते हुए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद टीम ने हरियाणा में दबिश देकर इनामी अपराधी मुकेश कुमार (31 ) पुत्र आत्माराम सुथार निवासी चिन्दड़, थाना फतेहाबाद सदर, जिला फतेहाबाद (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ की जा रही है, जिससे तस्करी के नेटवर्क के बारे में और अहम खुलासे होने की संभावना है।
