डीएसटी और पुर पुलिस की कार्रवाई: 2 पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

भीलवाड़ा (हलचल)। जिले में अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) और पुर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अल्टो कार की तलाशी के दौरान दो अवैध पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

DST की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान DST के कांस्टेबल राकेश भंडारी को सटीक सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुर थानाधिकारी कन्हैया लाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध अल्टो कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली।

कार के डैशबोर्ड में छिपा रखे थे हथियार

पुलिस ने जब कार की सघन तलाशी ली, तो उसके डैशबोर्ड से दो पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। कार चालक कैलाश चंद्र जाट (30) पुत्र भैरू लाल जाट, निवासी गाडरी मोहल्ला, रूपाहेली (थाना सदर) से जब इन हथियारों के लाइसेंस और परमिट के बारे में पूछा गया, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

आरोपी गिरफ्तार, आम्र्स एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने अवैध हथियारों और कारतूसों को जब्त करते हुए अल्टो कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी कैलाश जाट को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुर थाने में प्रकरण संख्या 61/2026 धारा 3/25 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी कैलाशचंद्र मीणा ने आरोपित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

कार्रवाई करने वाली टीम

इस सफल कार्रवाई में पुर थानाधिकारी, एएसआई शिवराज सिंह, डीएसटी के एएसआई अशोक कुमार कड़वा, हेड कांस्टेबल कालूराम धायल, कांस्टेबल राकेश कुमार (विशेष योगदान), राजवीर सिंह, विनोद कुमार, सुरक्षा कुमार, मुकेश कुमार, गोपाल जाट, बनवारीलाल बिश्नौई, असलम, कन्हैया लाल, शंकर, कमल और घीसू लाल शामिल थे।

Next Story