22 क्विंटल डोडा चूरा तस्करी का 10 हजारी इनामी मुकेश गुर्जर धरा: गुलाबपुरा पुलिस और डीएसटी की बड़ी कार्रवाई

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के आदेशानुसार वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुलाबपुरा पुलिस ने डीएसटी और साइबर सेल की मदद से मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपित मुकेश गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है।
सीमेंट के कट्टों के नीचे छिपाया था 22 क्विंटल डोडा
घटना 18 मई 2024 की है, जब तत्कालीन आसींद थानाधिकारी ने गश्त के दौरान एक ट्रेलर को रुकवाया था। ट्रेलर की तलाशी लेने पर सीमेंट के कट्टों के नीचे छिपाए गए डोडा चूरा के 109 कट्टे बरामद हुए थे, जिनका कुल वजन 22 क्विंटल था। इस मामले में मुख्य आरोपी फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य के निर्देशन और गुलाबपुरा थानाधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साइबर सेल और डीएसटी के सहयोग से तकनीकी माध्यमों और मुखबिर तंत्र का इस्तेमाल करते हुए आरोपी का पीछा किया और अंतत: चित्तौडग़ढ़ जिले के पारसोली थाने के तोरनिया निवासी मुकेश गुर्जर 26 पुत्र मांगीलाल गुर्जर को दबोच लिया। बता दें कि इस प्रकरण में पूर्व में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
