पाकिस्तान-अफगानिस्तान में भीषण सैन्य संघर्ष:: 300 से अधिक की मौत, 500 घायल; ट्रम्प बोले- 'पाक से हमारे अच्छे रिश्ते'

दिल्ली। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर जारी तनाव ने अब एक व्यापक सैन्य संघर्ष का रूप ले लिया है। दोनों देशों के बीच हुई ताज़ा झड़पों और हवाई हमलों में अब तक दोनों पक्षों के 300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 500 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों देश लगातार एक-दूसरे के खिलाफ आगे भी कठोर सैन्य कार्रवाई करने की धमकियां दे रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में युद्ध गहराने की आशंका पैदा हो गई है।
इस बढ़ते अंतरराष्ट्रीय संकट के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। जब ट्रम्प से पूछा गया कि क्या अमेरिका पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जारी इस तनाव में दखल देगा, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वह हस्तक्षेप कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा, "मेरे पाकिस्तान से बहुत अच्छे रिश्ते हैं। पाकिस्तान इस समय काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।"
वहीं, इस भीषण संघर्ष के बीच पाकिस्तान ने हमेशा की तरह अपनी विफलताओं का ठीकरा भारत पर फोड़ने की कोशिश की है। पाकिस्तान के सैन्य प्रवक्ता ने बेबुनियाद आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके देश में होने वाले आतंकी हमलों के पीछे भारत की भूमिका है। सैन्य प्रवक्ता का यह भी कहना है कि इन कथित गतिविधियों के लिए अफगान तालिबान के नियंत्रण वाले क्षेत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच इस ताज़ा संघर्ष की शुरुआत गुरुवार देर रात को हुई। यह कार्रवाई अफगानिस्तान द्वारा 22 फरवरी को पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक के जवाब में किए गए पलटवार के बाद भड़की। अफगानिस्तान की इस जवाबी कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने बड़े पैमाने पर ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक’ की शुरुआत कर दी है। इसके तहत पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करते हुए काबुल, कंधार, पक्तिया, नंगरहार और अन्य प्रमुख प्रांतों में ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक की हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455
