जहरीली शराब का तांडव:: 4 की मौत, 6 की आंखों की रोशनी छिनी; SHO सस्पेंड, चौकीदार गिरफ्तार

मोतिहारी (बिहार)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में जहरीली शराब ने एक बार फिर कई हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया है। रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना क्षेत्रों में 'मौत की शराब' पीने से अब तक 4 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 15 लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। इस हृदयविदारक घटना में 6 लोगों की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए चली गई है, जिससे पूरे इलाके में मातम और भारी आक्रोश है।

शमशान घाटों पर पसरा सन्नाटा: मौतों का सिलसिला जारी

शराबकांड की पहली आहट गुरुवार सुबह हुई और शुक्रवार तक मौतों का आंकड़ा 4 पर पहुंच गया। जान गंवाने वालों में हरदिया निवासी हीरालाल भगत, परीक्षण मांझी (46), पुलवा घाट के चंदू कुमार (28) और शंकर सरैया के प्रमोद यादव (30) शामिल हैं। डर और पुलिसिया कार्रवाई के खौफ में परिजनों ने एक मृतक का बिना पोस्टमार्टम कराए ही आनन-फानन में अंतिम संस्कार कर दिया।

6 घरों में छाया 'अंधेरा', 15 लोग गंभीर

जहरीली शराब का असर इतना घातक था कि बीमार पड़े 15 लोगों में से 6 से 7 लोगों ने अपनी आंखों की रोशनी खो दी है। सदर अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, भर्ती किए गए मरीजों में से कई की हालत नाजुक है, जिन्हें उच्च संस्थानों में रेफर किया गया है। लोहा ठाकुर, लड्डू साह, राहुल कुमार और रविंद्र यादव जैसे कई युवा इस समय अस्पताल में मौत से जूझ रहे हैं।

प्रशासन की गाज: SHO सस्पेंड, चौकीदार सलाखों के पीछे

इतनी बड़ी त्रासदी के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक (SP) ने तुरकौलिया के SHO उमाशंकर मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, शराब माफियाओं के साथ साठगांठ के आरोप में गांव के चौकीदार भारत राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने रघुनाथपुर और तुरकौलिया थानों में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

निजी अस्पताल में हुआ 'खौफनाक सच' का खुलासा

इस पूरे कांड की परतें तब खुलीं जब रघुनाथपुर के लोहा ठाकुर को धुंधला दिखाई देने लगा और वे इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने शराब पी थी। इसके बाद पुलिस ने घर-घर जाकर तलाशी ली, तो पता चला कि यह एक सामूहिक त्रासदी है।

डॉक्टरों की अपील: 'शर्म छोड़ें, जान बचाएं'

अस्पताल प्रशासन ने क्षेत्र में मुनादी करवाते हुए अपील की है कि जिस किसी ने भी वह शराब पी है, वे घबराएं नहीं और न ही पुलिस के डर से छिपें। समय रहते अस्पताल आने पर जान बचाई जा सकती है। फिलहाल पूरे जिले में अवैध शराब के ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी जारी है।

Next Story