8 साल की मासूम प्रज्ञा की हत्या, किरायेदार के कमरे में आटे के ड्रम में मिला शव

आगरा। ताजनगरी के ताजगंज इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 8 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सिद्धार्थ नगर निवासी दिनेश कुमार की पुत्री प्रज्ञा (8), जो कक्षा एक की छात्रा थी, मंगलवार दोपहर घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। परिजनों को लगा कि वह ट्यूशन गई है, लेकिन जब वह देर शाम तक नहीं लौटी, तो तलाश शुरू की गई।
परिजनों की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोहल्ले में छानबीन की, तो घर की पहली मंजिल पर रहने वाले किरायेदार सुनील और उसकी मां के गायब होने पर शक गहराया। पुलिस ने जब सुनील के बंद कमरे का दरवाजा खोलकर तलाशी ली, तो रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर सामने आया। मासूम प्रज्ञा का शव कमरे में रखे एक आटे के ड्रम के भीतर छिपाया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मृतक बच्ची की मां प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है, जो दो दिनों से मंदिर में बेटी की सलामती की मिन्नतें मांग रही थी। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। आरोपी सुनील फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
