बिहार के नालंदा में बड़ा हादसा:: मघड़ा शीतलाष्टमी मंदिर में मची भगदड़ 9 की मौत, इनमें 8 महिलाएं

नालंदा (बिहार)। बिहार के नालंदा जिला स्थित मघड़ा गांव में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहाँ माता शीतलाष्टमी मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान मची भगदड़ में एक पुरूष सहित 8 महिला श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए मॉडल अस्पताल भेजा गया है।
अव्यवस्था बनी हादसे का कारण
चैत्र मास का अंतिम मंगलवार होने के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर का गर्भगृह छोटा होने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण स्थिति अनियंत्रित हो गई। भीड़ को संभालने के लिए न तो पुलिस के पर्याप्त जवान तैनात थे और न ही कतारबद्ध दर्शन की कोई व्यवस्था थी।
एक महिला के गिरने से बिगड़े हालात
बताया जा रहा है कि मंदिर के भीतर भारी भीड़ के बीच एक महिला को अचानक चक्कर आ गया और वह गिर पड़ी। उसे संभालने की कोशिश के दौरान पीछे से आ रहे दबाव की वजह से अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे को रौंदते हुए भागने लगे। मृतकों में से अब तक दो की पहचान रीता देवी (50) और रेखा देवी (45) के रूप में हुई है, जो नालंदा की निवासी थीं।
प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के आदेश
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर और वहां लगे मेले को फिलहाल बंद करवा दिया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं, वहीं पटना कमिश्नर को भी मौके पर भेजा गया है। स्थानीय लोगों में प्रशासन की लापरवाही को लेकर भारी रोष देखा जा रहा है।
