कलयुगी भतीजे की करतूत-: 80 वर्षीय बुजुर्ग चाचा को झांसे में लेकर हड़पी जमीन, घर से निकालने की दी धमकी

भीलवाड़ा BHN. रिश्तों को तार-तार करने वाला एक गंभीर मामला सुभाषनगर थाने में सामने आया है, जहां भतीजों ने अपने बुजुर्ग और निपुत्रिक चाचा के साथ षड्यंत्र रचकर उनकी कीमती कृषि भूमि और जायदाद अपने नाम करवा ली। अब आरोपी अपने वृद्ध चाचा को घर से बेदखल करने और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
खाता अलग करने के नाम पर बुना जाल
सुवाणा निवासी 80 वर्षीय जग्गा पुत्र कजोड़ जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके कोई पुत्र नहीं है, केवल पुत्रियां हैं। इसी का फायदा उठाकर उनके भतीजे रामलाल, भंवरलाल और देवीलाल ने गांव के ही रवि प्रकाश प्रजापत और पुषा लाल जाट के साथ मिलकर साजिश रची। 4 मार्च 2026 को आरोपियों ने बुजुर्ग जग्गा को कुवाड़ा स्थित कार्यालय बुलाया और यह झांसा दिया कि जमीनों का खाता अलग-अलग करना है। "तहसीलदार साहब बाहर निकलने वाले हैं, जल्दी हस्ताक्षर करो" कहकर आरोपियों ने धोखे से कई कागजों पर बुजुर्ग के हस्ताक्षर करवा लिए।
घर से निकलने को कहा तब खुली पोल
धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब 25 मार्च को आरोपी, पीडि़त बुजुर्ग के घर पहुंचे और उनसे कहा कि अब तुम्हें अपनी बेटियों के पास जाकर रहना होगा, क्योंकि अब घर और जमीन उनके नाम हो चुकी है। जब जग्गा ने दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां निकलवाईं, तो पता चला कि आरोपियों ने मिलीभगत कर बिना स्टाम्प खरीदे, सादे पेपर पर टाइपशुदा दस्तावेजों के आधार पर जमीनों को अपने नाम करवा लिया है।
जान से मारने की धमकी और पुलिस कार्रवाई
बुजुर्ग का आरोप है कि अब आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और कह रहे हैं कि "हमारी ऊपर तक पहुंच है, तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।" पीडि़त बुजुर्ग की फरियाद पर सुभाषनगर थाना पुलिस ने धारा 316(2) और 318(4) क्चहृस् 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई रतनलाल को सौंपी गई है।
