नेताओं के प्रति पैदा हुआ विश्वास का संकट', राजनाथ सिंह ने क्यों कही ये बात?

उदयपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत की राजनीति और नेताओं के प्रति विश्वास का संकट पैदा हुआ है। नेताओं के कथन और आचरण में अंतर के कारण यह स्थिति बनी है और इसे एक बड़ी चुनौती के रूप में स्वीकार करना होगा। वे उदयपुर में विद्या प्रचारिणी सभा और बीएन संस्थान के 104वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।
दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि जांच में ऐसे लोग सामने आए जो व्हाइट कॉलर माने जाते थे। उन्होंने कहा, “एक आरोपी डॉक्टर था, जो अपनी पर्ची पर आरएक्स लिखता था, लेकिन उसके पास से आरडीएक्स मिला। यह घटना बताती है कि ज्ञान के साथ संस्कार होना कितना जरूरी है।”
'भारत बोलता है तो दुनिया सुनती है'
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत 2030 तक दुनिया की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। रक्षा क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और हथियार निर्माण में भारत तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा, “एक समय था जब भारत की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था, लेकिन आज भारत बोलता है तो दुनिया सुनती है।”
