भीलवाड़ा सहित प्रदेश के कई पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी, ISI के नाम से आया मेल
जयपुर/भीलवाड़ा। राजस्थान में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब प्रदेश के कई जिलों में स्थित पासपोर्ट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी भरा संदेश ई-मेल के जरिए भेजा गया, जिसमें आतंकी संगठन ISI का नाम लिखा था। मेल में चेतावनी दी गई थी कि दोपहर 1 बजे गैस बम ब्लास्ट होंगे। इस सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सभी संबंधित कार्यालयों को खाली करवाया गया।
भीलवाड़ा सहित सीकर, जैसलमेर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, सवाई माधोपुर, अजमेर, कोटा सहित कई जिलों में यह धमकी भरे मेल पहुंचे हैं। गौरतलब है कि राजस्थान में अधिकतर पासपोर्ट कार्यालय पोस्ट ऑफिस बिल्डिंगों में ही संचालित हो रहे हैं, जिसके चलते सुरक्षा की दृष्टि से पूरी बिल्डिंगों को खाली कराकर घेराबंदी कर दी गई।
सीकर में पासपोर्ट कार्यालय को धमकी मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और एहतियातन जयपुर से बम निरोधक दस्ते (BDDS) को बुलाया गया है। जैसलमेर में भी सूचना मिलते ही पासपोर्ट कार्यालय पर ताला जड़ दिया गया और सुरक्षा एजेंसियां आसपास के पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। भीलवाड़ा और अजमेर में भी पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल सभी स्थानों पर पुलिस सतर्कता बरत रही है और साइबर सेल के माध्यम से ई-मेल के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
छावनी में तब्दील हुआ भीलवाड़ा
सीओ सिटी सज्जन सिंह ने बताया कि आज मेल के जरिए सूचना मिली कि दोपहर 1 बजे बाद प्रदेश के पासपोर्ट कार्यालय में गैस बम ब्लास्ट होंगे। इस सूचना के बाद पुलिस ओर सुरक्षा एजेंसी अलर्ट है , ऐहतियात के तौर पर पासपोर्ट ऑफिस बिल्डिंग को खाली करवा दिया है।
आसपास की दुकानों को भी बंद करवा दिया है।पासपोर्ट कार्यालय आने जाने वाली रोड की दोनों साइड पुलिस तैनात की गई है, आम लोगों की आवाजाही रोक दी है।
पासपोर्ट ऑफिस के आउटर ओर इनर एरिया में सर्च करवाया जा रहा है,इसके बाद आगे देखते हैं।मेल की सूचना मिलने ओर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान, सीआईडी ओर फायर ब्रिगेड मौके पर है ओर लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है ।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते पूरे इलाके को सील कर दिया गया।
घेराबंदी: भीमगंज और कोतवाली थाना प्रभारी सहित जिला विशेष शाखा (DSB) की टीमों ने पूरे परिसर को चारों तरफ से घेर लिया।
सघन तलाशी: सुरक्षा एजेंसियों ने मेटल डिटेक्टर और अन्य उपकरणों की मदद से कार्यालय के हर कोने, दराज और संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच शुरू कर दी।
हाई अलर्ट: जिला मुख्यालय की सभी सुरक्षा इकाइयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके।
"हम स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां तकनीकी रूप से ईमेल के सोर्स का पता लगा रही हैं और परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।"
दहशत का माहौल
भीलवाड़ा शहर के व्यस्ततम इलाके में स्थित होने के कारण इस धमकी ने आम जनता में भी डर पैदा कर दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश। साइबर सेल की मदद से उस 'आईपी एड्रेस' को ट्रेस किया जा रहा है जिससे यह ईमेल भेजा गया था।
इस आईडी से मिला धमकी भरा ईमेल
ईमेल 'एलेक्स पॉल मेनन' नामक आईडी से भेजा गया है, जिसमें खुद को 'मद्रास टाइगर्स, कोयंबटूर' से जुड़ा बताया गया है। पत्र में गंभीर आरोप और धमकियां दी गई हैं:
विस्फोट की चेतावनी: पत्र के ऊपरी हिस्से में लिखा है कि पासपोर्ट/पोस्टल ऑफिस में 5 साइनाइड गैस वाले IED ब्लास्ट किए जाएंगे।
