सुभाष नगर में बंद मकान में भीषण आग, दमकल ने पाया काबू

X

भीलवाड़ा। शहर के सुभाष नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बंद मकान में शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। घटना सुभाष नगर स्कूल के ठीक सामने स्थित एक रिहायशी मकान की है। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते घर से धुएं के गुबार उठने लगे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही सुभाष नगर थाना पुलिस और नगर निगम की दमकलें मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन दल ने तत्परता दिखाते हुए दो दमकलों की मदद से मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस दौरान फायर कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर घर के अंदर रखे तीन गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिसके चलते कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की चपेट में आने से घर में रखा कीमती सामान और घरेलू उपकरण जलकर राख हो गए। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Next Story