खाटूश्यामजी मंदिर में एटीएस का धावा, 'आतंकियों' को किया ढेर; मॉकड्रिल से जाँची सुरक्षा व्यवस्थाएं
खाटूश्यामजी (सीकर)। विश्व विख्यात बाबा श्याम के दरबार में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मंदिर परिसर में आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एटीएस (ATS) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर में धावा बोला और हथियारों से लैस दो 'आतंकवादियों' को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। हालांकि, बाद में खुलासा हुआ कि यह सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखने के लिए की गई एक मॉकड्रिल थी, जिसके बाद श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
सुबह 10 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन
यह विशेष अभ्यास श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान की निगरानी में शुक्रवार सुबह 10:00 बजे आयोजित किया गया। मंदिर की संवेदनशीलता को देखते हुए एटीएस की 4th ERT (इमरजेंसी रिस्पांस टीम) ने इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। टीम का नेतृत्व कमांडर दिनेश कुमार (SI), मुकेश (HC) और प्रदीप ने किया। अभ्यास के दौरान टीम ने मंदिर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली और आपातकालीन स्थिति में त्वरित जवाबी कार्रवाई का प्रदर्शन किया।
सुरक्षा मानकों का जायजा
मॉकड्रिल के जरिए मंदिर परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान मंदिर कमेटी के पदाधिकारी और सुरक्षा कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के नियमित अभ्यासों का उद्देश्य किसी भी संभावित आतंकी खतरे या आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों की तैयारी और आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करना है।
