दिवाली पर भजनलाल सरकार का बड़ा तोहफा, 6 लाख सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा बोनस

**
दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने राज्य कर्मचारियों को दीपावली उपहार के रूप में तदर्थ बोनस देने का निर्णय लिया है। वित्त मंत्री दिया कुमारी के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार के लगभग 6 लाख कर्मचारी इस लाभ के पात्र होंगे।
राज्य सेवा के अधिकारियों को छोड़कर, राजस्थान सिविल सेवा (पुनरीक्षित वेतन) नियम, 2017 के पे लेवल L-12 या ग्रेड-पे 4800 रुपए और उससे कम वेतन पाने वाले कर्मचारी वर्ष 2024-25 के लिए तदर्थ बोनस प्राप्त करेंगे।
तदर्थ बोनस की गणना अधिकतम 7000 रुपए और 31 दिन के महीने के आधार पर की जाएगी। प्रत्येक कर्मचारी को अधिकतम 6774 रुपए बोनस मिलेगा, जिसमें 75 प्रतिशत नकद और 25 प्रतिशत राशि कर्मचारी के सामान्य प्राविधिक निधि खाते में जमा की जाएगी।
पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी तदर्थ बोनस दिया जाएगा। इस योजना का अतिरिक्त वित्तीय भार लगभग 406 करोड़ रुपए आएगा।
