ज़मीन विवाद में खूनी संघर्ष, छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से वार कर बड़े भाई को उतारा मौत के घाट

उदयपुर। ज़िले के फलासिया थाना क्षेत्र के ढाला गांव में ज़मीन के विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। आपसी कहासुनी इस कदर बढ़ी कि छोटे भाई ने अपने सगे बड़े भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद से आरोपी भाई फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जंगलों में दबिश दे रही है।
रात के अंधेरे में हुआ खूनी खेल
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 9:30 बजे की है। ढाला निवासी शांति लाल (45) और उसके छोटे भाई बंसीलाल (40) के बीच लंबे समय से ज़मीन को लेकर अनबन चल रही थी। बीती रात दोनों भाई साथ बैठे थे, तभी किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते गुस्सा चरम पर पहुँच गया और बंसीलाल घर से कुल्हाड़ी उठा लाया। उसने बड़े भाई शांति लाल के सिर पर ज़ोरदार वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटे के सामने तोड़ा दम
मृतक शांतिलाल के बेटे चुन्नीलाल ने अपने पिता को बचाने और उठाने की काफी कोशिश की, लेकिन घाव इतना गहरा था कि शांतिलाल फिर नहीं उठ सके। घटना के बाद आरोपी बंसीलाल मौके से फरार हो गया।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
सूचना मिलते ही कोल्यारी चौकी प्रभारी कांतिलाल सालवी शुक्रवार तड़के मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर फलासिया सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस और चौकी प्रभारी के नेतृत्व में टीमें आरोपी की तलाश में आस-पास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
