LPG-तेल संकट पर CM भजनलाल की हुंकार: राजस्थान में नहीं होने देंगे किल्लत, घबराएं नहीं जनता

LPG-तेल संकट पर CM भजनलाल की हुंकार: राजस्थान में नहीं होने देंगे किल्लत, घबराएं नहीं जनता
X


जयपुर। मध्यपूर्व एशिया (मिडल ईस्ट) में जारी तनाव के बीच राजस्थान में कच्चे तेल, गैस और उर्वरकों की आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मोर्चा संभाल लिया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए शर्मा ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल, गैस और खाद का पर्याप्त भंडार मौजूद है, इसलिए किसी भी प्रकार की 'पैनिक बाइंग' या घबराहट की आवश्यकता नहीं है।

सरकार अलर्ट: चप्पे-चप्पे पर निगरानी और हेल्पलाइन जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए राज्य से लेकर जिला स्तर तक प्रभावी मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए सरकार ने 24 घंटे सक्रिय हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:

हेल्पलाइन नंबर्स: 181, 112 और 14435 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

विशेष टीमें: हर जिले में कलेक्टर, एसपी और रसद विभाग (DSO) की टीमें कालाबाजारी रोकने के लिए तैनात की गई हैं।

गैस वितरण में बड़े बदलाव: OTP और पासबुक एंट्री अनिवार्य

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कड़े निर्देश दिए। अब घरेलू एलपीजी की डिलीवरी के समय ओटीपी (OTP) देना अनिवार्य होगा। साथ ही, डिलीवरी बॉय को ग्राहक की पासबुक में एंट्री करना भी जरूरी कर दिया गया है ताकि सिलेंडरों के 'काले खेल' पर लगाम लगाई जा सके। मुख्यमंत्री ने सिटी गैस कंपनियों को PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन देने की गति बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

विपक्ष का मिला साथ: दलगत राजनीति से ऊपर उठकर चर्चा

खास बात यह रही कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों ने सरकार का साथ देने का भरोसा दिया है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कांग्रेस, बसपा, रालोद और निर्दलीय विधायकों ने सरकार के प्रयासों की सराहना की। सभी दलों ने एक सुर में कहा कि वे गैस और तेल प्रबंधन में जनता के हित के लिए सरकार के साथ खड़े हैं।

किसानों के लिए यूरिया-डीएपी की पुख्ता तैयारी

खेती-किसानी के सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यूरिया और डीएपी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध भंडारण या कालाबाजारी दिखे, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story