भीषण गर्मी को लेकर सीएम का बड़ा फैसला: जलदाय विभाग के इंजीनियरों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

भीषण गर्मी को लेकर सीएम का बड़ा फैसला: जलदाय विभाग के इंजीनियरों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
X

जयपुर। राजस्थान में इस साल पड़ने वाली संभावित भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आमजन को राहत देने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। राज्य सरकार ने पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जलदाय विभाग के सभी फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से निरस्त करने के निर्देश दिए हैं। अब किसी भी आपात स्थिति में उच्चाधिकारियों की विशेष अनुमति के बिना अवकाश नहीं मिल सकेगा।

करोड़ों का बजट जारी: हर जिले को मिले संसाधन

सरकार ने ग्रीष्म ऋतु 2026 के लिए प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध जलापूर्ति हेतु भारी भरकम बजट स्वीकृत किया है। 41 जिलों के शहरी क्षेत्रों के लिए 55.88 करोड़ और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 154.83 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। इसके साथ ही, 1 अप्रैल से 31 जुलाई तक जल परिवहन (टैंकरों) के माध्यम से सप्लाई के लिए भी 105.37 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

कलेक्टरों को मिली वित्तीय शक्तियां

आकस्मिक पेयजल समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए प्रत्येक जिला कलेक्टर को 1-1 करोड़ रुपए के कार्यों की अनुशंसा करने का अधिकार दिया गया है। इसके अलावा, जल जीवन मिशन (JJM) के तहत पूर्ण हो चुकी योजनाओं के सुचारू संचालन के लिए भी सभी जिलों को 25-25 लाख रुपए अतिरिक्त दिए गए हैं।

निगरानी के लिए तैनात होंगे वाहन और श्रमिक

पेयजल व्यवस्था की मॉनिटरिंग और मरम्मत कार्यों के लिए सरकार ने बड़े स्तर पर मानव संसाधन जुटाए हैं।

मार्च: 500 श्रमिक और 100 किराए के वाहन।

अप्रैल: 2000 श्रमिक और 400 वाहन।

मई से जुलाई: 2500 श्रमिक और 450 वाहनों की सेवाएं ली जाएंगी।

जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिए गए हैं, ताकि कहीं भी पानी की किल्लत होने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

Tags

Next Story