कलेक्टर का 'हंटर' चला:: सड़क तोड़ने वालों की अब खैर नहीं, निगम की ढिलाई पर जताई नाराजगी

सड़क तोड़ने वालों की अब खैर नहीं, निगम की ढिलाई पर जताई नाराजगी
X


भीलवाड़ा। शहर की जर्जर सड़कों और अतिक्रमण को लेकर नगर निगम की कार्यशैली पर अब जिला कलेक्टर एवं निगम प्रशासक ने सीधा मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर का सख्त तेवर देखने को मिला। उन्होंने दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी कि शहर की सड़क तोड़ने वालों के खिलाफ केवल जुर्माना नहीं, बल्कि कड़ी विधिक कार्रवाई की जाए।

निगम की सुस्ती पर कलेक्टर सख्त

बैठक के दौरान कलेक्टर ने सड़क क्षति के मामलों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से पूछा कि विभिन्न आयोजनों और निजी स्वार्थ के लिए सड़क खोदने वालों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? उन्होंने निर्देश दिए कि अवैध रूप से सड़क तोड़ने वालों को चिन्हित कर तुरंत मुकदमे दर्ज किए जाएं। साथ ही, स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





UD टैक्स और ऑनलाइन सेवाओं का अल्टीमेटम

कलेक्टर ने राजस्व वसूली की सुस्त रफ्तार पर भी अधिकारियों को घेरा। उन्होंने नगरीय विकास कर (UD Tax) की शत-प्रतिशत वसूली के लिए टारगेट आधारित काम करने को कहा। इसके अलावा, आमजन की शिकायतों के निपटारे के लिए निगम की ऑनलाइन सेवाओं को 'फुलप्रूफ' बनाने का अल्टीमेटम दिया, ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

गंदगी फैलाने वालों पर चलेगा डंडा

शहर में 'सिंगल यूज प्लास्टिक' के खिलाफ चल रहे अभियान की सराहना करते हुए कलेक्टर ने इसे और अधिक 'आक्रामक' बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसहयोग मिल रहा है, अब निगम को चाहिए कि वह गंदगी फैलाने वाले बड़े प्रतिष्ठानों और अतिक्रमणकारियों पर बिना किसी दबाव के कार्रवाई करे।

Next Story