विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी को पुलिस ने लिया 7 दिन के रिमांड पर, अब होगी पूछताछ

उदयपुर। उदयपुर में फिल्म निर्माता विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को कोर्ट ने सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाने और आरोपों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों व लेनदेन की पड़ताल के लिए रिमांड की मांग की थी. कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को दोनों से पूछताछ की अनुमति दी ।
बॉलीवुड निर्देशक विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी भट्ट को 30 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी मामले में उदयपुर पुलिस आज अदालत में पेश करेगी. दोनों को रविवार को मुंबई से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर उदयपुर लाया गया था. पुलिस को 9 दिसंबर दोपहर 2 बजे तक का समय मिला है, जिसके भीतर उन्हें उदयपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश करना अनिवार्य है. पुलिस आज दोनों आरोपियों को एसीजेएम कोर्ट-4 में करीब 1 बजे पेश करेगी. यह पूरा मामला इंदिरा आईवीएफ के संस्थापक डॉ. अजय मुर्डियाकी दिवंगत पत्नी पर बन रही बायोपिक और अन्य फिल्मों के लिए किए गए 47 करोड़ रुपये के एग्रीमेंट से जुड़ा है.
आरोप है कि भट्ट दंपति ने 30 करोड़ रुपये लिए, लेकिन न फिल्म की शूटिंग पूरी हुई और न पैसा वापस किया. भट्ट दंपति आरोपों को खारिज कर रहे हैं, जबकि पुलिस बैंक लेन-देन, अनुबंध और डिजिटल रिकॉर्ड समेत कई दस्तावेजों की जांच कर रही है. आज कोर्ट में पेशी के दौरान दोनों की कस्टडी को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है और इसी कारण न्यायालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
