वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग से मचा हड़कंप, फ्यूल लीक की आशंका से दहले यात्री

वाराणसी। बुधवार शाम वाराणसी एयरपोर्ट पर उस समय अफरातफरी मच गई जब इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-6961 को आपातकालीन लैंडिंग (Emergency Landing) करानी पड़ी। यह विमान कोलकाता से श्रीनगर जा रहा था और इसमें 160 से अधिक यात्री सवार थे।
जैसे ही विमान वाराणसी के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को “मेडे-मेडे” संदेश भेजा — जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आपात स्थिति का संकेत माना जाता है।
फ्यूल लीक की सूचना से मची दहशत
सूत्रों के मुताबिक, विमान में फ्यूल लीक होने की आशंका जताई गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आपात लैंडिंग की तैयारी शुरू कर दी गई। यात्रियों को जब इसकी भनक लगी, तो विमान में घबराहट और सन्नाटा छा गया।
एयरलाइन क्रू ने सूझबूझ दिखाते हुए यात्रियों को शांत कराया और सुरक्षा के सभी प्रोटोकॉल अपनाए। इसके बाद पायलट ने सुरक्षित रूप से विमान की लैंडिंग वाराणसी एयरपोर्ट पर करवाई।
जांच के आदेश
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। विमान को रनवे से हटाकर तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। फ्यूल लीक की वजह और स्थान का पता लगाने के लिए DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) को भी सूचना दी गई है।
