टायर रिट्रेडिंग फैक्ट्री में लगी आग, मची अफरा-तफरी, तीन दमकलों ने पाया काबू

X

भीलवाड़ा बीएचएन। शहर के आजाद नगर इलाके में स्थित टायर रिट्रेडिंग फैक्ट्री में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग से टायर आदि जल गये। इस घटना से वहां कार्यरत कर्मचारियों के साथ ही आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची तीन दमकलों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। फैक्ट्री संचालक के उदयपुर गये होने से नुकसान का आंकलन नहीं हो पाया।

मिली जानकारी के अनुसार, हिम्मत सिंह राठौड़ व रणजीत सिंह राठौड़, आजाद नगर में कुंभा सर्किल क्षेत्र में सम्राट टायर के नाम से टायर रिट्रेडिंग फैक्ट्री का संचालन करते हैं। बताया गया है कि दोनों भाई मां का उपचार करवाने उदयपुर गये हुये थे। फैक्ट्री में वर्कर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। इससे वर्कर्स के साथ ही आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर नगर निगम फायर स्टेशन से एक के बाद एक तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग से टायर, फर्नीचर आदि जलने की बात कही जा रही है। वहीं आग लगने के कारणों व नुकसान का आंकलन अभी नहीं हो पाया है।

Next Story