ग्वालियर: ICU में लगे AC में ब्लास्ट: आग से अस्पताल में अफरातफरी, सभी मरीजों को सुरक्षित निकाला गया

आग  से अस्पताल में अफरातफरी, सभी मरीजों को सुरक्षित निकाला गया
X

ग्वालियर जिले के जयारोग्य अस्पताल समूह की KRH यूनिट में आग लग गई। एसी फटने से KRH की महिला लेबर यूनिट में आग लगी। इसमें 16 मरीज थे भर्ती, साथ ही आसपास के वार्डों में 100 से ज्यादा मरीज भर्ती थे।हादसे के बाद सभी मरीजों को सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल में शिफ्ट किया गया। आग लगने के बाद वार्ड की खिड़कियां तोड़कर मरीजों को बाहर निकाला गया। सभी मरीज सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित एक अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में आग लगने के कारण अफरातफरी का माहौल बन गया, हालाकि कुछ देर के प्रयासों के बाद वहां भर्ती लगभग सोलह महिला मरीजों को सुरक्षित निकालकर अन्य वार्ड में शिफ्ट किया गया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार शनिवार की देर रात यहां कमलाराजा महिला अस्पताल के आईसीयू में लगे एयरकंडीशनर (एसी) में अचानक हुए शार्ट सर्किट के कारण आग लगने के साथ ही धुंआ फैल गया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल आईसीयू में भर्ती लगभग 16 महिला मरीजों को अन्य वार्ड में शिफ्ट किया और साथ ही आग पर काबू पाने के प्रयास किए। कुछ देर बाद आग पर भी काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक आईसीयू के बड़े हिस्से को काफी नुकसान पहुंच चुका था।

सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन से जुड़े अधिकारियों के साथ ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बताया गया है कि इस अस्पताल में मुख्य रूप से महिलाओं और बच्चों का इलाज होता है और आईसीयू में मुख्य रूप से प्रसूति से जुड़ी महिलाएं भर्ती थीं। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है और अन्य स्थान पर उनका इलाज जारी है।

Tags

Next Story