अतिक्रमण हटाने पहुंचे 'पीले पंजे' से भिड़े पूर्व सांसद प्रत्याशी पाटनी, निगम ने थाने भेजा

X

भीलवाड़ा। नगर निगम द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चलाए जा रहे 'पीले पंजे' के अभियान के दौरान आज महावीर पार्क और लाल बहादुर शास्त्री मार्केट में जमकर हंगामा हुआ। कार्रवाई का विरोध करने पर पूर्व सांसद प्रत्याशी राजेश पाटनी को निगम के दस्ते ने न केवल धक्का-मुक्की कर रोका, बल्कि उन्हें पुलिस के सुपुर्द भी कर दिया।

लाउडस्पीकर लेकर विरोध करने पहुंचे पाटनी, दस्ते ने जीप में डाला

नगर निगम की टीम जब शास्त्री मार्केट में दुकानों के बाहर नालियों पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर रही थी, तब राजेश पाटनी वहां पहुंचे और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। निगम दस्ते के जोरावर सिंह और होमगार्ड कर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन पाटनी कुछ देर बाद लाउडस्पीकर लेकर लौट आए और लोगों को भड़काने का प्रयास करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख दस्ते ने उन्हें जबरन उठाकर नगर निगम की जीप में डाला और थाने ले गए।

भेदभाव का आरोप लगाने वाले व्यक्ति से भिड़े दुकानदार

इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने निगम पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ विशेष बोर्ड और अतिक्रमण नहीं हटाए जा रहे हैं। इस बात पर वहां मौजूद दुकानदार भड़क गए और उस व्यक्ति के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उसे वहां से जाने पर मजबूर कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि प्रशासन अपनी निष्पक्ष कार्रवाई कर रहा है।

पीले पंजे के खौफ से खुद ही पत्थर हटाने लगे व्यापारी

निगम की सख्ती को देखते हुए कई दुकानदारों ने नुकसान से बचने के लिए खुद ही मोर्चा संभाल लिया। दुकानों के बाहर लगी महंगी फर्शी और कीमती पत्थरों को दुकानदार मजदूरों की मदद से हटवाते नजर आए। एक व्यापारी ने बताया कि निगम के बुलडोजर से पत्थर टूटने का डर है, इसलिए वे खुद ही कीमती सामान समेट रहे हैं।

खुलने लगा मार्केट, निगम की सख्त चेतावनी

कार्रवाई के बाद लाल बहादुर शास्त्री मार्केट अब काफी खुला और व्यवस्थित नजर आने लगा है। नगर निगम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि भविष्य में दुकानदारों ने नालियों पर कब्जा किया या सामान बाहर रखा, तो निगम का दस्ता बिना सूचना के सामान जब्त कर लेगा।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455

Tags

Next Story