1:13 बजे अजमेर कोर्ट में एक साथ होंगे 4 बम धमाके , 7 दिन में दूसरी बार मिली धमकी; सर्च ऑपरेशन शुरू

अजमेर। राजस्थान के अजमेर से बड़ी खबर सामने आई है। अजमेर जिला सेशन न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। संभागीय आयुक्त की आधिकारिक ईमेल आईडी पर दोपहर 1:13 बजे चार बम धमाके करने का संदेश मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
ईमेल में दावा किया गया कि अजमेर जिला न्यायालय परिसर में चार अलग-अलग स्थानों पर बम प्लांट किए गए हैं, जो तय समय पर विस्फोट करेंगे। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। कोर्ट परिसर को तुरंत घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वालों की सघन जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले सात दिनों में यह दूसरी बार है जब न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले भी इसी तरह का एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था। उस दौरान डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते और मेटल डिटेक्टर की मदद से करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
पिछली घटना के बाद सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इसी बीच दोबारा मिली धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग सक्रिय हो गए हैं। साइबर सेल उस ईमेल आईडी को ट्रेस करने में जुटी है, जिससे धमकी भरा संदेश भेजा गया।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं। फिलहाल न्यायालय परिसर और आसपास का क्षेत्र छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
