शादी-ब्याह में गैस की किल्लत होगी दूर, रसद विभाग दिलाएगा एक्स्ट्रा कमर्शियल सिलेंडर

शादी-ब्याह में गैस की किल्लत होगी दूर, रसद विभाग दिलाएगा एक्स्ट्रा कमर्शियल सिलेंडर
X

पाली । शादियों के सीजन में गैस सिलेंडरों की किल्लत से जूझ रहे परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। रसद विभाग ने बड़े आयोजनों के लिए अतिरिक्त कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराने की विशेष व्यवस्था शुरू की है। जिला रसद अधिकारी (DSO) कमल कुमार ने बताया कि जिन घरों या स्थानों पर शादी जैसे बड़े भोज के आयोजन हैं, उन्हें विभाग की ओर से अतिरिक्त सिलेंडर दिलवाए जाएंगे।

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आयोजकों को आयोजन से कम से कम 10 दिन पहले जिला रसद कार्यालय में आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ शादी का निमंत्रण पत्र (कार्ड) संलग्न करना अनिवार्य है। विभाग को जिलेभर से आवेदन मिलने शुरू हो गए हैं, जिन्हें संबंधित गैस एजेंसियों को भेजा जा रहा है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि रसद कार्यालय स्वयं सिलेंडर मुहैया नहीं कराएगा। प्राप्त आवेदनों की विभागीय स्तर पर जांच की जाएगी कि मांग वास्तविक है या नहीं। सत्यापन के बाद प्रार्थना-पत्र संबंधित गैस एजेंसी को फॉरवर्ड किया जाएगा, जहाँ से उपभोक्ता को सिलेंडर प्राप्त होंगे। साथ ही, विभाग ने फिजूलखर्ची रोकने और गैस की बचत के लिए आयोजकों को 'मेन्यू' (पकवानों की सूची) सीमित रखने की भी सलाह दी है।

Tags

Next Story