राज्यपाल बागडे एसएमएस के आईसीयू में भर्ती, मेडिकल बोर्ड कर रहा निगरानी

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के मेडिकल आईसीयू में भर्ती किया गया है। जानकारी के अनुसार, राज्यपाल मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच (रूटिन चेकअप) के लिए अस्पताल पहुंचे थे, जहां जांच प्रक्रिया के दौरान ही उनकी स्थिति असहज हो गई।
अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों ने बताया कि राज्यपाल ब्लड टेस्ट और अन्य नियमित जांचों के लिए आए थे, लेकिन इसी दौरान उन्हें तेज घबराहट महसूस हुई और साथ ही बुखार भी आ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल मेडिकल आईसीयू-2 में शिफ्ट कर दिया। सूचना मिलते ही चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर भी राज्यपाल की कुशलक्षेम पूछने अस्पताल पहुंचे।
किडनी और संक्रमण की समस्या
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राज्यपाल को यूरिन इन्फेक्शन (मूत्र संक्रमण) के साथ-साथ किडनी से संबंधित कुछ परेशानियां हैं। वर्तमान में जनरल मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी और यूरोलॉजी विभाग की विशेषज्ञ टीमें उनकी सघन निगरानी कर रही हैं। डॉक्टरों ने उनके रक्त और यूरिन के दोबारा नमूने लेकर विस्तृत जांच के लिए लैब भेजे हैं।
7 वरिष्ठ डॉक्टरों का मेडिकल बोर्ड गठित
राजभवन और अस्पताल प्रशासन राज्यपाल के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उनके उपचार के लिए 7 से अधिक वरिष्ठ विशेषज्ञों का एक विशेष मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है। इस बोर्ड में जनरल मेडिसिन, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और कार्डियोलॉजी विभाग के सीनियर डॉक्टर्स शामिल हैं, जो पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
