ट्रस्ट की तानाशाही के विरोध में खेतड़ी कस्बा पूर्णतया बंद, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

खेतड़ी (झुंझुनूं)। कस्बे में एक ट्रस्ट के तानाशाहीपूर्ण रवैये के विरोध में आज खेतड़ी कस्बा पूरी तरह से बंद रहा। ग्रामीणों और व्यापारियों ने बाजार में एकत्रित होकर ट्रस्ट के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रस्ट द्वारा भोपालगढ़ जाने वाले रास्ते पर तालाबंदी की गई है और इसके साथ ही अन्य कई स्थानों पर भी कब्जे की साजिश रची जा रही है। लोगों में इस बात को लेकर भी भारी रोष है कि आस्था के प्रमुख केंद्र रसिक मोहन दास जी महाराज के मंदिर जाने वाले आम रास्ते पर भी ट्रस्ट ने तालाबंदी कर दी है।
आक्रोशित ग्रामीणों और व्यापारियों ने मुख्य बाजार में विरोध प्रदर्शन करते हुए ट्रस्ट से अपने मनमाने फैसलों को तुरंत वापस लेने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो इस आंदोलन को और भी उग्र किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले को लेकर आज दोपहर को एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना दिया जाएगा और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। आज के इस विरोध प्रदर्शन में गोकलचंद सैनी, विजेश शाह, व्यापार मंडल अध्यक्ष नवल किशोर पारीक और डॉ. सोमनाथ भगत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व व्यापारी मौजूद रहे।
