मोदी देंगे बांसवाड़ा को न्यूक्लियर प्रोजेक्ट और ट्रेनों की सौगात, 20-25 सितंबर के बीच आएंगे; दो राज्यों के सीएम रहेंगे साथ

बांसवाड़ा।
दक्षिण राजस्थान का बांसवाड़ा इस महीने ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 से 25 सितंबर के बीच यहां आने वाले हैं। उनके साथ मंच पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट पर होगी मोदी की नजर
मोदी बांसवाड़ा के नापला स्थित माही न्यूक्लियर पावर प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे।
पिछले एक महीने से प्रोजेक्ट परिसर में तैयारी चल रही है।
तीन हेलीपैड का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है।
कार्यक्रम स्थल तय करने के लिए तकनीकी टीम और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।
भाजपा का दावा—1.5 लाख से ज्यादा जुटेगी भीड़
भाजपा इसे अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बनाने में जुटी है।
जिला अध्यक्ष पूंजीलाल गायरी ने कहा कि कम से कम 1.5 लाख लोग प्रधानमंत्री की सभा में शामिल होंगे।
पार्टी इसे आदिवासी अंचल में शक्ति प्रदर्शन के रूप में देख रही है।
ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे पर वंदे भारत सहित तीन नई ट्रेनों का वर्चुअल शुभारंभ भी करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र में नई परियोजनाओं की घोषणाएं होने की भी संभावना है।
प्रशासन की चौकसी, नेताओं का दौरा
रविवार को उदयपुर रेंज के आइजी गौरव श्रीवास्तव, कलेक्टर डॉ. इन्द्रजीत यादव, एसपी सुधीर जोशी समेत आला अधिकारियों ने न्यूक्लियर प्रोजेक्ट स्थल का दौरा किया। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अलग से ब्लूप्रिंट तैयार किया जा रहा है।
क्यों अहम है मोदी का यह दौरा?
बांसवाड़ा आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां भाजपा अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है।
दो राज्यों के मुख्यमंत्री एक साथ मंच पर होंगे, जिससे यह आयोजन राजनीतिक दृष्टि से भारी महत्व रखता है।
ऊर्जा और परिवहन क्षेत्र की सौगातों से स्थानीय विकास को नई दिशा मिलेगी।
