संगम डेनियम के मैनेजर पर कातिलाना हमला, पैर तोड़े, व्यापारियों व कर्मचारियों में रोष और दहशत

भीलवाड़ा प्रहलाद तेली। संगम इंडिया लिमिटेड, डेनियम के मैनेजर संजय व्यास पर सोमवार सुबह बीएसएल गेट के पास एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने कातिलाना हमला कर पैर तोड़ दिये। गंभीर रूप से घायल व्यास को उपचार के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उधर, हमले की इस वारदात के बाद क्षेत्रीय व्यापारियों, औद्योगिक इकाइयों के अधिकारियों व कर्मचारियों में रोष के साथ दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, संजय व्यास संगम इंडिया लिमिटेड, डेनियम यूनिट, बीलियाकलां में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। व्यास सोमवार सुबह अपने घर से ऑफिस जा रहे थे। इस दौरान कार चालक चला रहा था, जबकि वे कार में सवार थे। बीएसएल गेट के नजदीक देवनारायण मंदिर के सामने ब्र्रेकर पर बाबू गुर्जर, बृजेश गुर्जर, गोपाल गुर्जर व कमलेश गुर्जर सहित 10-15 लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और अश्लील गाली-गलौच कर लोहे के पाइप व सरियों से व्यास पर कातिलाना हमला कर दिया। हमले में उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई और वे लहूलुहान हो गये। व्यास को तुरंत ही शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। हमीरगढ़ पुलिस ने पीडि़त व्यास की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी। उधर, एचआर प्रोफेशनल्स सोसायटी के प्रदश सचिव संजय त्रिपाठी ने इस घटना पर रोष व्यक्त करते हुये कहा कि घटना बहुत खेदपूर्ण और निंदनीय है। जिसे किसी भी कीमत पर नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यह इस तरह की कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई बार इस प्रकार एचआर प्रोफेशनल्स पर असामाजिक तत्वों द्वारा हमले किए जाते रहे हैं। इस घटना को लेकर चर्चा करने के बाद आगे की रणनीति बनाई जायेगी। फिल्हाल हमीरगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।